रुपया की घटती कीमत से आयात होगा महंगा

20-May-2026 08:28 PM

मुम्बई। एक अमरीकी डॉलर का मूल्य 96 रुपए से ऊपर निकलकर 97 रुपए के करीब पहुंच गया है। मुद्रा बाजार के जानकारों का कहना है कि यदि रुपया की विनिमय दर में आ रही गिरावट को नियंत्रित करने के लिए तत्काल ठोस एवं एहतियाती कदम नहीं उठाए गए तो जल्दी ही यह 100 अंक के आंकड़े तक पहुंच जाएगा। 

रुपया की विनिमय दर में गिरावट का भारतीय अर्थव्यवस्था पर मिश्रित प्रभाव पड़ने की संभावना है। एक तरफ वैश्विक  निर्यात बाजार में भारतीय उत्पादों का मूल्य प्रतिस्पर्धी स्तर पर रहेगा जिससे चावल एवं मसाला सहित अन्य अनेक उत्पादों का शिपमेंट बढ़ाने में सहायता मिलेगी तो दूसरी ओर विदेशों से आने वाला सामान महंगा हो जाएगा।

इसमें दलहन एवं खाद्य तेल मुख्य रूप से शामिल है। दलहनों का वैश्विक बाजार भाव कम है मगर खाद्य तेलों की कीमतों में अच्छी तेजी-मजबूती देखी जा रही है।

इसका आयात खर्च चालू मार्केटिंग सीजन की पहली छमाही में पहले ही काफी तेजी से बढ़ चुका है जबकि दूसरी छमाही में भी बढ़ने की उम्मीद है। तेल-गैस, उर्वरक एवं अन्य चीजों का आयात महंगा होने से देश में खाद्य महंगाई और बढ़ सकती है।