अनुकूल मौसम से 2025-26 में इलायची का उत्पादन बेहतर
20-May-2026 08:22 PM
इडुक्की। मौसम की हालत काफी हद तक अनुकूल रहने तथा उत्पादकों द्वारा अपने बागानों की अच्छी तरह देखभाल किए जाने से 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में छोटी इलायची का कुल घरेलू उत्पादन बढ़कर 35-37 हजार टन पर पहुंच जाने का अनुमान है। फसल की तुड़ाई-तैयारी लगभग समाप्त हो चुकी है और कहीं-कहीं इसकी थोड़ी-बहुत तुड़ाई जून तक जारी रहने की संभावना है।
इलायची का घरेलू बाजार भाव काफी हद तक मजबूत बना हुआ है। अगली फसल की तुड़ाई-तैयारी जुलाई-अगस्त में आरंभ होने वाली है।
अप्रैल-मई का हीट वेव इलायची की फसल के लिए घातक माना जा रहा है। मानसून-पूर्व की अच्छी बारिस की उम्मीद की जा रही थी। वैसे चालू माह के आरंभिक दिनों में केरल और तमिलनाडु के प्रमुख इलायची उत्पादक क्षेत्रों में अच्छी वर्षा होने से फसल की हालत काफी हद तक सुधर गई।
यदि मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुरूप 26 मई को दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में पहुंचता है और बारिश की स्थिति अच्छी रहती है तो इलायची फसल की हालत काफी हद तक बेहतर हो जाएगी। फिलहाल फसल की स्थिति सामान्य एवं संतोषजनक बताई जा रही है।
पश्चिम एशिया में ईरान-अमरीका युद्ध के कारण शुरूआती चरण में इलायची का निर्यात कारोबार कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था लेकिन अब काफी हद तक सामान्य हो गया है।
ग्वाटेमाला से आपूर्ति घटने के कारण खाड़ी क्षेत्र के देशों में भारतीय इलायची की मांग काफी मजबूत हो गई है। 2026-27 के सीजन में अगर इलायची का घरेलू उत्पादन बढ़कर 40 हजार टन के आसपास पहुंच जाए तो कोई हैरानी की बात नहीं होगी।
