राजस्थान में धनिया फसल को नुकसान- गुजरात, मध्य प्रदेश में अभी तक अच्छी
28-Jan-2026 07:22 PM
नई दिल्ली। उत्पादक राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक गुजरात एवं मध्य प्रदेश में धनिया फसल की स्थिति अच्छी है लेकिन हाल ही में हुई बारिश से राजस्थान में फसल को नुकसान होने के समाचार मिल रहे हैं।
गुजरात
प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में मौसम फसल के अनुकूल बना रहने के कारण धनिया फसल की स्थिति अच्छी है। वर्तमान में मंडियों में नए धनिया की आवक शुरू हो चुकी है। प्रमुख मंडी गोंडल में नए मालों की आवक 2300/2500 बोरी एवं राजकोट में 1200/1500 बोरी की हो रही है। नए मालों के भाव क्वालिटीनुसार 1500/2200 रुपए प्रति 20 किलो बोले जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य में इस वर्ष धनिया की बिजाई गत वर्ष की तुलना में लगभग 4 हजार हेक्टेयर कम रही है।
मध्य प्रदेश
हाल ही में मध्य प्रदेश के कुम्भराज, गुणा, बीनागंज, अशोकनगर लाइन पर हुई बारिश से धनिया फसल को कोई विशेष नुकसान नहीं हुआ है। सूत्रों का कहना है कि इस वर्ष देर तक बारिश होने के कारण धनिया की बिजाई में 15/20 दिन का विलम्ब हुआ था। जिस कारण से पहले की गई बुवाई में फसल को फायदा होगा। लेकिन पूर्व में की गई बिजाई को 5/10 प्रतिशत का नुकसान होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष मध्य प्रदेश में धनिया की बिजाई लगभग 1.60 लाख हेक्टेयर पर की गई थी चालू सीजन के दौरान बिजाई क्षेत्रफल में 10/15 प्रतिशत की कमी आने के अनुमान लगाए गए हैं।
राजस्थान
राजस्थान में बिजाई घटने के अलावा वर्तमान में हुई बारिश से धनिया फसल को 10/15 प्रतिशत नुकसान होने के समाचार मिल रहे। हाल ही में हुई बारिश में कोटा, बारां, रामगंज लाइन पर नुकसान के समाचार हैं। इसके अलावा बिजाई क्षेत्रफल में भी 10/15 प्रतिशत की कमी मानी गई है। गत वर्ष राजस्थान में धनिया की बिजाई लगभग 47 हजार हेक्टेयर पर की गई थी। सूत्रों का मानना है कि अगर आगामी दिनों में भी मौसम खराब रहता है तो मध्य प्रदेश में भी धनिया फसल को नुकसान हो सकता है। कमजोर बिजाई के कारण इस वर्ष धनिया उत्पादन भी कम रहेगा। जिस कारण से कीमतों में अधिक मन्दा नहीं है।
