ऑस्ट्रेलिया में बागानी रकबा बढ़ने से बादाम का उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद

26-Feb-2026 11:06 AM

कैनबरा। ऑस्ट्रेलियाई बादाम उद्योग को पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान उत्पादन काफी बेहतर होने की उम्मीद है क्योंकि एक तो बादाम के बागानी क्षेत्रफल में वृद्धि हुई है और दूसरे, मौसम की हालत भी फसल के लिए अनुकूल बनी हुई है।

कुछ नए-नए क्षेत्रों में बादाम के बगीचे लगाए गए थे जहां अब उत्पादन शुरू होने वाला है। लेकिन एक खास कारण से उत्पादक चिंतित हैं। दरअसल अन्य विदेशी मुद्राओं की तुलना में ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की विनिमय दर काफी मजबूत बनी हुई है जिससे निर्यात पर असर पड़ सकता है। 

ऑस्ट्रेलिया में नए सीजन के दौरान बादाम का उत्पादन बढ़कर 1.67 लाख टन के करीब पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। अलमंड बोर्ड ऑफ ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन के अनुसार चालू वर्ष के दौरान बादाम का घरेलू उत्पादन पिछले साल की तुलना में करीब 7 प्रतिशत और पिछले रिकॉर्ड उत्पादन से लगभग 3 हजार टन ज्यादा होगा।

चेयरमैन के मुताबिक वर्ष 2017 से 2019 के विस्तार चरण के दौरान ऑस्ट्रेलिया में लगभग 20 हजार हेक्टेयर में बादाम के अन्य बगीचे लगाए गए जिसमें पेड़ अब पूरी तरह परिपक्व होकर उत्पादन देने में सक्षम हो गए हैं। 

हाल के महीनों में ऑस्ट्रलिया में बादाम का भाव अत्यन्त ऊंचे स्तर पर मजबूती से स्थिर रहा है जबकि मुद्रा की मजबूती उत्पादकों के लिए गंभीर चिंता का कारण बनी हुई है। चूंकि निर्यात अनुबंध अमरीकी डॉलर में होते हैं इसलिए उत्पादकों की आमदनी काफी हद तक प्रभावित हो सकती है। बादाम की तुड़ाई-तैयारी शुरू हो चुकी है जो अप्रैल में पूरी हो सकती है।