चालू मार्केटिंग सीजन के अंत में 53 लाख टन चीनी का स्टॉक बचने का अनुमान
26-Feb-2026 12:45 PM
नई दिल्ली। शीर्ष उद्योग संस्था- इंडियन शुगर एंड बायोएनर्जी मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन (इस्मा) ने अपने तीसरे उत्पादन अनुमान में 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए चीनी का जो बैलेंस शीट घोषित किया है
उससे पता चलता है कि चालू सीजन के अंत में यानी 30 सितम्बर 2026 को उद्योग के पास करीब 53 लाख टन चीनी का अधिशेष स्टॉक बचेगा जो सितम्बर 2025 की समाप्ति पर उपलब्ध स्टॉक 50 लाख टन से सिर्फ 3 लाख टन ज्यादा है। यह स्थिति तब तक है जब इस्मा ने चीनी का निर्यात केवल 7 लाख टन पर सिमटने की संभावना व्यक्त की है और घरेलू खपत भी 283 लाख टन होने का अनुमान लगाया है।
इस्मा की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 सीजन के दौरान 50 लाख टन के पिछले स्टॉक एवं 293 लाख टन के उत्पादन के साथ चीनी की कुल उपलब्धता 343 लाख टन पर पहुंचेगी जिसमें से 283 लाख टन का घरेलू उपयोग और 7 लाख टन का निर्यात होगा जबकि सीजन के अंत में 53 लाख टन चीनी का स्टॉक बच जाएगा।
वैसे इस्मा ने चीनी का सकल उत्पादन 324 लाख टन होने का अनुमान लगाया है अगर इसमें से 31 लाख टन का उपयोग एथनॉल निर्माण में होगा और खाद्य उद्देश्य के लिए 293 टन का स्टॉक बचेगा। उपरोक्त आंकड़ों से पता चलता है कि चीनी बाजार में एक बार फिर जटिलता आ सकती है। यदि निर्यात एवं घरेलू उपयोग बढ़ता है तो बकाया स्टॉक में कमी आ सकती है।
