मार्च के लिए भी 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा
26-Feb-2026 10:32 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय द्वारा मार्च 2026 में घरेलू बिक्री के लिए 22.50 लाख टन चीनी का कोटा नियत किए जाने की संभावना है जो फरवरी 2026 के कोटे के बराबर लेकिन मार्च 2025 के कोटा 25 लाख टन से 50 हजार टन कम है। इससे पूर्व मार्च 2024 में 23.50 लाख टन तथा मार्च 2023 में 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया था।
दरअसल इस वर्ष होली का महापर्व मार्च के प्रथम सप्ताह में ही मनाया जाएगा जिसके लिए चीनी की मांग फरवरी के कोटे से पूरी हो जाएगी। होली पर्व के साथ ही लग्नसरा एवं मांगलिक उत्सवों का सीजन भी करीब एक माह के लिए स्थगित हो जाएगा।
इससे चीनी की घरेलू मांग कुछ कमजोर पड़ सकती है। लेकिन दूसरी ओर मार्च में तापमान ऊंचा रहने से गर्मी बढ़ेगी। इससे आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स सहित अन्य ठंडे पेय पदार्थों के निर्माण में चीनी की मांग एवं खपत तेजी से बढ़ सकती है।
ऐसी हालत में मार्च माह का 22.50 लाख टन का कोटा चीनी मिलों के लिए भार स्वरूप साबित नहीं होगा और इसलिए इस मीठी वस्तु की मांग एवं आपूर्ति के बीच काफी हद तक संतुलन बना रह सकता है जिससे कीमतों में सीमित उतार-चढ़ाव के साथ स्थिरता का माहौल और कभी-कभी तेजी का वातावरण बन सकता है। बाजार की चाल उद्योग के लिए अनुकूल रह सकती है।
जनवरी-मार्च 2026 की तिमाही के लिए चीनी का कुल फ्री सेल कोटा 67 लाख टन पर पहुंचेगा जो जनवरी-मार्च 2025 के कोटे 68 लाख टन से कम है।
