News Capsule/न्यूज कैप्सूल: देश के अधिकांश हिस्सों में कमजोर पड़ा मानसून, उत्तराखंड में रेड अलर्ट

13-Jul-2026 10:14 AM

News Capsule/न्यूज कैप्सूल: देश के अधिकांश हिस्सों में कमजोर पड़ा मानसून, उत्तराखंड में रेड अलर्ट
★ भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं। हालांकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
★ IMD के अनुसार अगले 2-3 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 4-5 दिनों के दौरान भारी वर्षा हो सकती है। इसके विपरीत उत्तर-पश्चिम भारत, पश्चिम-मध्य भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले 6-7 दिनों तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है।
★ उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे 126 सड़कें, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं, बंद हो गए। यमुनोत्री राजमार्ग पर मरम्मत कार्य जारी है। हिमाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा, जबकि पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई और 14 जुलाई तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।
★ उत्तर प्रदेश में रविवार को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई, हालांकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश तथा पूर्वोत्तर हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। राज्य में 1 जून से 12 जुलाई तक 158.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य 190.9 मिमी की तुलना में 17 प्रतिशत कम है।
★ राजस्थान में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 जुलाई के बीच जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले दो-तीन दिनों तक 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चलने की संभावना है।