News Capsule/न्यूज कैप्सूल: कपास आयात शुल्क हटते ही बाजार नरम, CCI ने फिर घटाए बिक्री भाव
02-Jun-2026 08:13 AM
News Capsule/न्यूज कैप्सूल: कपास आयात शुल्क हटते ही बाजार नरम, CCI ने फिर घटाए बिक्री भाव
★ कपास आयात शुल्क हटने के बाद घरेलू बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ गया है। केंद्र सरकार द्वारा 1 जून से 31 अक्टूबर तक कपास आयात को शुल्क-मुक्त करने के फैसले के बाद कॉटन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (CCI) ने 2025-26 सीजन की कपास बिक्री कीमतों में एक बार फिर 700 रुपये प्रति कैंडी (356 किलो) की कटौती की है।
★ आई-ग्रेन इंडिया के मुताबिक कई कताई मिलों ने आयात सौदे शुरू कर दिए हैं, जिससे घरेलू खरीदारों के पास अब आयातित कपास, CCI स्टॉक और निजी व्यापारियों से खरीद के विकल्प बढ़ गए हैं। इसके चलते घरेलू बाजार में मांग कुछ कमजोर दिखाई दे रही है।
★ शुल्क-मुक्त आयात से स्पिनिंग सेक्टर को फायदा होगा, क्योंकि बेहतर गुणवत्ता और कम संदूषण वाली कपास की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे भारतीय सूत और वस्त्र उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता भी मजबूत हो सकती है।
★ दूसरी ओर, बेहतर दामों के कारण आगामी खरीफ सीजन में कपास रकबे में लगभग 7 प्रतिशत वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। हालांकि आगे बाजार की दिशा आयातित कपास की उपलब्धता, वैश्विक कीमतों और मानसून की स्थिति पर निर्भर करेगी। घरेलू नई फसल की बुवाई शुरू होने के साथ मौसम की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहने वाली है।
