नियमित मानसूनी बारिश से बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ा
04-Sep-2026 11:37 AM
नई दिल्ली। अगस्त के अंतिम एवं सितम्बर के शुरुआती दिनों में देश के विभिन्न भागों में हुई अच्छी मानसूनी वर्षा के कारण बांधों- जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ गया है। केन्द्रीय जल आयोग के आंकड़ों से पता चलता है कि देश के 166 प्रमुख बांधों- जलाशयों में से कम से कम 30 प्रतिशत जलाशय में इसकी सकल भंडारण क्षमता के 90 प्रतिशत से अधिक पानी का स्टॉक उपलब्ध है।
आयोग की रिपोर्ट के अनुसार इन 166 प्रमुख बांधों- जलाशयों में कुल 129.87 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का स्टॉक मौजूद है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 183.565 बीसीएम का 56.76 प्रतिशत है।
देश के पांच में से चार संभागों के जलाशयों में भंडारण क्षमता के मुकाबले 60 प्रतिशत से ज्यादा पानी का स्टॉक उपलब्ध है लेकिन दक्षिणी क्षेत्र में जल स्तर काफी घट गया है। वहां तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु एवं केरल में मानसून की बारिश कम हुई है। राष्ट्रीय स्तर पर बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर अब भी गत वर्ष की समान अवधि एवं 10 वर्षीय औसत के मुकाबले कम या नीचे है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस वर्ष 1 जून से 3 सितम्बर के बीच देश में दीर्घकालीन औसत के मुकाबले 13 प्रतिशत कम वर्षा हुई। देश के 734 जिलों में से 47 प्रतिशत में बारिश सामान्य स्तर से कम हुई।
देश के 13 जलाशयों में पानी पूरी क्षमता तक भर गया है जिसमें महाराष्ट्र के पांच जलाशय भी शामिल हैं। दूसरी ओर 51 बांधों में जल स्तर भंडारण क्षमता के 50 प्रतिशत से पीछे है।
