नई फसल पर खरीदारों का ध्यान होने से मटर का भाव स्थिर

18-Jun-2026 12:58 PM

सस्काटून। कनाडा में मटर की बिजाई पूरी होने के बाद अब फसल की प्रगति पर सबका ध्यान केन्द्रित हो गया है। अगस्त से इसकी कटाई-तैयारी आरंभ होने वाली है और उस मटर के लिए खरीद-बिक्री का अनुबंध पहले ही बड़े पैमाने पर हो चुका है। खरीदारों का ध्यान अगली फसल पर केन्द्रित है इसलिए मौजूदा स्टॉक के लिए कारोबार कुछ सुस्त पड़ गया है।

पीली मटर का भाव पिछले कुछ सप्ताहों से 8.00-8.50 डॉलर प्रति बुशेल पर स्थिर बना हुआ है जो जून-अगस्त डिलीवरी के लिए एफओबी फार्म मूल्य है। लेकिन मांग कमजोर रहने से हरी मटर का दाम कुछ नरम पड़कर 9.00-9.50 डॉलर प्रति बुशेल पर आ गया है। 

लेकिन पश्चिमी कनाडा और खासकर सस्कैचवान प्रान्त के उत्पादक निचले मूल्य स्तर पर अपनी हरी मटर की बिक्री करने में नगण्य दिलचस्पी दिखा रहे हैं। मापले मटर का मूल्य भी 9.50 से 11.00 डॉलर प्रति बुशेल के बीच घूम रहा है। आगामी नई फसल की मटर का अग्रिम अनुबंध मूल्य काफी हद तक स्थिर बना हुआ है। 

कनाडा के मटर निर्यातकों का ध्यान चीन तथा भारत के बाजार पर केन्द्रित है। चीन में शुल्क काफी घटा दिया गया है जबकि भारत में प्रतिकूल मौसम से खरीफ कालीन दलहनों का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। 30 जून को सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन की रिपोर्ट आने वाली है जिसमें मटर के बिजाई क्षेत्र का विवरण शामिल होगा।