मई तक ओएमसी को 6 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति

18-Jun-2026 01:51 PM

नई दिल्ली। डिस्टीलर्स द्वारा 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के शुरूआती 7 महीनों में यानी नवम्बर 2025- मई 2026 के दौरान तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को कुल 6.15 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति की गई जो सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के लिए दिए गए ऑर्डर 10.50 अरब लीटर का करीब 59 प्रतिशत है। 

इसमें से अधिकांश एथनॉल का उत्पादन अनाज से हुआ जबकि शेष का निर्माण गन्ना अवयवों से किया गया था। तेल-विपणन कंपनियां (ओएमसी) पेट्रोल में मिश्रण के लिए डिस्टीलर्स से निश्चित मूल्य पर एथनॉल की खरीद करती हैं।

जिस 6.15 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति की उसमें 4.06 अरब लीटर या 66 प्रतिशत एथनॉल का निर्माण मक्का एवं चावल सहित अन्य क्षतिग्रस्त अनाजों से तथा 2.10 अरब लीटर या 34 प्रतिशत का उत्पादन गन्ना अवयवों से हुआ था।

वैसे इस बार गन्ना अवयवों से निर्मित एथनॉल की आपूर्ति का कम कोटा नियत किया गया है इसलिए डिस्टीलर्स 2.90 अरब लीटर के कुल ऑर्डर के 73 प्रतिशत भाग की आपूर्ति करने में सफल हो चुके हैं।

जहां तक अनाज आधारित एथनॉल का सवाल है तो इसके लिए 7.60 अरब लीटर की आपूर्ति का ऑर्डर दिया गया था जिसमें से महज 53.4 प्रतिशत या 4.06 अरब लीटर की ही सप्लाई हो सकी। ओएमसी द्वारा शीघ्र ही 1.50 अरब लीटर अतिरिक्त एथनॉल की आपूर्ति के लिए टेंडर जारी किए जाने की संभावना है। नवम्बर-मई में गन्ना की अच्छी आपूर्ति हुई।