लातूर में बारिश की कमी से तुवर की फसल पर चिंता बढ़ी
20-Aug-2026 11:40 AM
लातूर क्षेत्र में मानसून की स्थिति कमजोर बनी हुई है। पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण इस वर्ष क्षेत्र में तुवर की बिजाई पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10–15 प्रतिशत कम बताई जा रही है।
क्षेत्र में पिछले करीब 10 दिनों से अच्छी बारिश नहीं हुई है, जिससे खेतों में नमी की कमी बढ़ने लगी है। वर्तमान समय में तुवर की फसल को बारिश की सख्त जरूरत है। यदि जल्द पर्याप्त बारिश नहीं होती है तो फसल की शुरुआती बढ़वार प्रभावित होने के साथ-साथ पौधों के विकास पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
बाजार सूत्रों के अनुसार लातूर क्षेत्र में तुवर उत्पादक किसान इस समय अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मानसून की कमजोरी और कम बिजाई को देखते हुए आगे तुवर के उत्पादन पर मौसम की स्थिति का महत्वपूर्ण असर रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश फसल की स्थिति और उत्पादन संभावनाओं के लिए निर्णायक रहेगी।
