किशमिश मजबूत रही
13-Dec-2023 07:23 PM
नई दिल्ली । प्रमुख उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में प्रतिकूल मौसम के चलते आने वाली अंगूर की फसल को नुकसान होने के समाचारों से किशमिश की कीमतों में सुधार दर्ज किया जा रहा है। विगत एक सप्ताह के दौरान उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर किशमिश के भाव 10 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सांगली में आज 40 गाड़ी की आवक हुई और भाव 180/200 रुपए प्रति किलो पर बोले गए। जबकि एक सप्ताह पूर्व भाव 170/190 रुपए बोले जा रहे थे। गत 2/3 वर्षों से अंगूर निर्यात कम मात्रा में होने के कारण महाराष्ट्र में किशमिश का उत्पादन अधिक हो रहा है।
वर्ष 2021 के दौरान किशमिश का उत्पादन 14/15 हजार गाड़ी (प्रत्येक गाड़ी 10 टन), वर्ष 2022 में 18/20 हजार गाड़ी एवं वर्ष 2023 में 24/25 हजार गाड़ी का हुआ है। किशमिश की नई आवक फरवरी-मार्च माह में शुरू होगी।
