Home News
05-Nov-2026 03:19 PM
वैंकुवर। नई फसल की जोरदार आवक होने, भारी-भरकम पिछला बकाया स्टॉक मौजूद रहने तथा भारत सहित अन्य प्रमुख आयातक देशों द्वारा विशाल मात्रा में खरीद किए जाने से सितम्बर 2026 में कनाडा से मटर का कुल निर्यात तेजी बढ़कर 5,55,108 टन पर पहुंच गया जो अगस्त के कमजोर शिपमेंट 1,48,459 टन से बहुत अधिक रहा।
सितम्बर में कनाडा से भारत 2,42,980 टन, चीन को 1,89,093 टन तथा पाकिस्तान को 37,380 टन मटर का निर्यात किया गया। दरअसल काला सागर का जल मार्ग अवरुद्ध एवं असुरक्षित होने के कारण रूस तथा यूक्रेन से मटर का निर्यात शिपमेंट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है इसलिए कनाडा को अपने उत्पाद का निर्यात बढ़ाने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है।
सितम्बर के बेहतर प्रदर्शन के कारण कनाडा से चालू मार्केटिंग सीजन (अगस्त 2026- जुलाई 2027) के शुरुआती दो महीनों में यानी अगस्त-सितम्बर 2026 के दौरान मटर का सकल निर्यात बढ़कर 7.04 लाख टन के करीब पहुंच गया जो अगस्त-सितम्बर 2025 के कुल शिपमेंट 5.71 लाख टन से काफी अधिक रहा।
हालांकि पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान कनाडा में बिजाई क्षेत्र घटने तथा मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं होने से मटर के उत्पादन में गिरावट आई है और दाने की क्वालिटी भी प्रभावित हुई है लेकिन पिछला स्टॉक ज्यादा होने से मटर की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति काफी हद तक सुगम बनी हुई है।