Home News

कनाडा में मटर की उपज दर एवं क्वालिटी के प्रति चिंता बरकरार

21-Sep-2026 02:51 PM

कनाडा में मटर की उपज दर एवं क्वालिटी के प्रति चिंता बरकरार

वैंकुवर। पिछले सप्ताह मटर के वैश्विक बाजार मूल्य में कुछ उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। कनाडा में कीमत कुछ सुधर गई। वहां भारी बेमौसमी बारिश के दौरान न केवल फसल की कटाई-तैयारी में बाधा पड़ रही है बल्कि मटर की औसत उपज दर तथा क्वालिटी के प्रति चिंता भी बढ़ती जा रही है। इससे निर्यात क्वालिटी वाले माल की आपूर्ति एवं उपलब्धता में कमी आने की संभावना है। 

प्रांतीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर इस बार मटर की औसत उपज दर के बारे में जो अनुमान लगाया गया है उस पर प्रोसेसर्स एवं  निर्यातकों को संदेह है। सरकारी एजेंसी- स्टैट कैन ने अपनी एक मात्र मॉडल आधारित रिपोर्ट में चालू सीजन के दौरान कनाडा में 32.60 लाख टन मटर के उत्पादन का अनुमान लगाया है जो उत्पादक राज्यों से प्राप्त आंकड़ों के अनुरूप ही है। गत वर्ष कनाडा में 39.30 लाख टन मटर का उत्पादन आंका गया था। 

इस तरह पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के दौरान मटर के उत्पादन में कुछ कमी आने की संभावना है लेकिन 11.80 लाख टन का विशाल बकाया स्टॉक उपलब्ध होने से कुल आपूर्ति सुधरकर 44.60 लाख टन पर पहुंच जाने की उम्मीद है जो 2025-26 सीजन की कुल अनुमानित उपलब्धता 44.40 लाख टन से 20 हजार टन ज्यादा है। 

मटर के अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार और खासकर भारत एवं चीन जैसे शीर्ष आयातक देशों में कनाडा को रूस की कठिन चुनौती एवं सख्त प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है जबकि यूक्रेन सहित कई अन्य देश भी मटर के अच्छे निर्यातक हैं। भारत में केवल पीली मटर का आयात होता है।