Home News

रबी फसलों के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित

21-Sep-2026 03:27 PM

रबी फसलों के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा आगामी रबी सीजन (2026-27) के लिए विभिन्न फसलों के उत्पादन का लक्ष्य घोषित कर दिया गया है इसके तहत खाद्यान्न  सकल उत्पादन लक्ष्य 1777.20 लाख टन नियत हुआ है जिसमें 12.10 लाख टन गेहूं, 172 लाख टन दलहन तथा 2.23 लाख टन मोटे तथा पोषक अनाजों के उत्पादन का लक्ष्य शामिल है। 

सरकार ने 2026-27 के रबी सीजन हेतु 123.30 लाख टन चना, 21 लाख टन मसूर, 143 लाख टन सरसों तथा 24.20 लाख टन जौ के उत्पादन का लक्ष्य नियत किया है। ये सारी ऐसी फसलें हैं जिसके लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित किया जाता है। इसके अलावा रबी सीजन में मटर तथा अलसी सहित कई ऐसी फसलों की खेती भी होती है जिसका उत्पादन खरीफ सीजन में भी होता है। इसमें मूंग, उड़द, मक्का, ज्वार, रागी, मूंगफली, सूरजमुखी एवं तिल आदि शामिल है।

कृषि मंत्रालय ने रबी सीजन के लिए 167.20 लाख टन चावल, 166.90 लाख टन मक्का तथा 31.90 लाख टन ज्वार के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है। मंत्रालय के मुताबिक 2025-26 के रबी सीजन के दौरान देश में 1206.60 लाख टन, गेहूं, 181.10 लाख टन चावल, 200.20 लाख टन मक्का, 18 लाख टन जौ, 30.10 लाख टन ज्वार, 125.10 लाख टन चना, 17.60 लाख टन मसूर, 137.70 लाख टन सरसों तथा 7.60 लाख टन मूंगफली का उत्पादन हुआ।

अल नीनो तथा  कमजोर मानसून को देखते हुए इस बार चावल तथा मक्का के उत्पादन लक्ष्य में कटौती की गई है मगर दूसरी ओर गेहूं, जौ तथा मसूर आदि का उत्पादन लक्ष्य बढ़ा दिया गया है। आगे भी बारिश कम होने की संभावना है क्योंकि अल नीनो का प्रकोप अभी बरकरार है।