कनाडा में काबुली चना की फसल अच्छी हालत में

13-Aug-2026 05:51 PM

विनीपेग। कनाडा के दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- सस्कैचवान तथा अल्बर्टा में काबुली चना की फसल काफी अच्छी हालत में है। शुरुआती कटाई में इसकी उपज दर औसत स्तर से ऊपर देखी जा रही है। कुछ क्षेत्रों में उत्पादकता 26 बुशेल प्रति  एकड़ तक पहुंच गई है।

यद्यपि कनाडा में तथा वैश्विक स्तर पर उत्पादन में इस वर्ष गिरावट आने की संभावना वक्त की जा रही है मगर विशाल पिछला बकाया स्टॉक के कारण काबुली चना का भाव काफी हद तक स्थिर रहने का अनुमान है। पाकिस्तान तथा तुर्की के साथ-साथ भारत में भी काबुली चना का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है। 

कनाडा तथा अमरीका में नई फसल की कटाई आरंभ होने से भाव कुछ नरम पड़ गया है। वैसे बड़े आकार एवं मोटे दाने वाले काबुली चना की खरीद में आयातकों की दिलचस्पी अब भी बरकरार है जिससे कीमतों में काफी हद तक स्थिरता का माहौल बना हुआ है। फीड एवं सैम्पल ग्रेड के माल का भाव नीचे होने से भी बाजार भाव पर दबाव बढ़ रहा है। 

कनाडा से मई के मुकाबले जून में काबुली चना के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई। इस बार ऑस्ट्रेलिया में देसी चना का सीमित उत्पादन होने की संभावना है इसलिए बाजार में ज्यादा प्रतिस्पर्धा नहीं रहेगी। आयातक देश पिछले कुछ महीनों से अच्छी मात्रा में काबुली चना मंगा रहे हैं।