जुलाई में खाद्य तेलों का आयात 10 माह के उच्च स्तर पर पहुंचा

13-Aug-2026 05:41 PM

मुम्बई। त्यौहारी सीजन से पूर्व बेहतर स्टॉक बनाने के उद्देश्य से रिफाइनर्स द्वारा पाम तेल एवं सोयाबीन तेल की खरीद में भारी दिलचस्पी दिखाए जाने से जुलाई में खाद्य तेलों का सकल आयात बढ़कर पिछले 10 माह के उच्च स्तर पर पहुंच गया।

एक अग्रणी उद्योग संगठन- सॉल्वैंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार जून की तुलना में जुलाई के दौरान पाम तेल का आयात करीब 50 प्रतिशत बढ़कर 7,30,965 टन तथा सोयाबीन तेल का आयात 31 प्रतिशत बढ़कर 4,98,881 टन पर पहुंच गया। इस तरह पाम तेल का आयात पिछले पांच माह तथा सोयाबीन तेल का आयात गत सात माह का सबसे ऊंचा स्तर रहा। इस अवधि में सूरजमुखी तेल का आयात भी  4 प्रतिशत सुधरकर 2,51,639 टन पर पहुंचा। 

एसोसिएशन के अनुसार जुलाई 2026 में खाद्य तेलों का कुल आयात जून की तुलना में 33.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 14.80 लाख टन पर पहुंचा जो सितम्बर 2025 के बाद सबसे ज्यादा है। ध्यान देने की बात है कि खाद्य तेलों का यह आयात समुद्री रास्ते से हुआ और इसमें नेपाल से स्थल या सीमा मार्ग से होने वाला शुल्क मुक्त आयात शामिल नहीं है। 

उद्योग समीक्षकों के अनुसार त्यौहारी सीजन शीघ्र ही आरंभ होने वाला है जिसमें खाद्य तेलों की मांग एवं खपत बढ़ जाती  है। उसे पूरा करने के लिए भारतीय रिफाइनर्स पहले से ही स्टॉक बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। अगस्त-सितम्बर में भी खाद्य तेलों का भारी आयात हो सकता है। अगस्त में पाम तेल का आयात एक बार फिर 7 लाख टन को पार कर जाने की संभावना है। 

भारत में मुख्यतः इंडोनेशिया एवं मलेशिया से पाम तेल, अर्जेन्टीना एवं ब्राजील से सोयाबीन तेल तथा रूस, यूक्रेन एवं अर्जेन्टीना से सूरजमुखी तेल का आयात किया जाता है।