कलौंजी की कीमतों में तेजी : मंदे की संभावना नहीं
02-Sep-2026 06:48 PM
नई दिल्ली। वर्तमान में कलौंजी के भाव मजबूती के साथ बोले जा रहे हैं। चालू सप्ताह के दौरान 5/7 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है और अभी भी कीमतों में तेजी रहने के अनुमान है। क्योंकि कुल उत्पादन का अधिकांश माल मंडियों में आ चुका है। जिस कारण से मंडियों में आवक कम रह गई है। जन्माष्टमी पर्व के कारण गुजरात की अधिकांश मंडियों में अवकाश चल रहा है अवकाश से पूर्व गोंडल मंडी में कलौंजी की आवक 300/350 बोरी एवं राजकोट में 200/250 बोरी की हो रही थी और भाव 175/185 रुपए बोले जा रहे थे। गुजरात की मंडियां 7 सितम्बर को खुलेगी। मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में कलौंजी की आवक 400/500 बोरी की चल रही है और क्वालिटीनुसार भाव 177/197 रुपए प्रति किलो बोले जा रहे हैं जो कि चालू सप्ताह के शुरू में 172/190 रुपए प्रति किलो खुले थे।
उल्लेखनीय है कि चालू सीजन के दौरान देश में कलौंजी की पैदावार अधिक होने के कारण नई फसल की आवक शुरू होने के पश्चात कीमतों में लगातार गिरावट बनी रही और मई-जून माह के दौरान मंडियों में भाव घटकर 170/175 रुपए पर आ गए थे। जबकि फरवरी- 2026 में मंडियों में भाव 250/260 के चल रहे थे।
उत्पादन
जानकार सूत्रों का कहना है कि वर्ष 2025 में उत्पादकों को कलौंजी के उचित भाव मिलने के कारण वर्ष 2026 के लिए प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान में बिजाई क्षेत्रफल में लगभग डेढ़-दोगुना की वृद्धि दर्ज की गई। बिजाई के पश्चात मौसम भी फसल के अनुकूल रहा। जिस कारण से वर्ष 2026 के दौरान देश में कलौंजी की पैदावार 6/6.25 लाख बोरी के स्तर पर पहुंच गई। जबकि वर्ष 2025 में उत्पादन 3/3.25 लाख बोरी का रहा था। वर्ष 2024 में उत्पादन 2.50/2.75 लाख बोरी एवं वर्ष 2023 में 3.50/3.75 लाख बोरी की पैदावार मानी गई थी। चालू सीजन के दौरान गुजरात में कलौंजी का उत्पादन 4/4.25 लाख बोरी एवं मध्य प्रदेश एवं राजस्थान 2 लाख बोरी होने के अनुमान लगाए गए हैं। कलौंजी की नई फसल की आवक मार्च-अप्रैल माह में शुरू होती है जबकि बिजाई का कार्य अक्टूबर-नवम्बर माह में होता है।
मन्दा नहीं
गोंडल में प्रसिद्ध एवं विश्वसनीय प्रतिष्ठान श्री जी ग्लोबल एफएमसीजी लिमिटेड के श्री संजय रुपालिया का कहना है कि उत्पादक केन्द्रों पर स्टॉक की कमी एवं बारिश की कमी से आगामी सीजन के लिए बिजाई प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि दीपावली तक कलौंजी के दामों में 20/25 रुपए प्रति किलो की तेजी संभव है और मंडियों में कलौंजी के भाव 220/225 रुपए बन सकते हैं। संजय जी का कहना है कि रमजान फरवरी माह में होने के कारण जनवरी-फरवरी माह में भाव 240/250 रुपए का स्तर छू सकते हैं।
स्टॉक
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में गुजरात की मंडियों में कलौंजी का स्टॉक 1.25/1.30 लाख बोरी एवं राजस्थान एवं मध्य प्रदेश 40/50 हजार बोरी होने के समाचार है जोकि नई फसल आने तक लगभग समाप्त हो जाएगा। वर्ष 2026 में नई फसल आने के समय स्टॉक 5/6 हजार बोरी का रह गया था जबकि वर्ष 2025 में स्टॉक 30/35 हजार बोरी का माना गया था।
