अगस्त में सोयाबीन तेल का आयात नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
02-Sep-2026 05:52 PM
मुम्बई। भारतीय रिफाइनर्स द्वारा अगस्त 2026 में विदेशों से रिकॉर्ड मात्रा में क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का आयात किया गया क्योंकि एक तो त्यौहारी मांग को पूरा करने के लिए इसका भारी-भरकम स्टॉक बनाने का प्रयास किया जा रहा है और दूसरे, रूस- यूक्रेन युद्ध के कारण क्रूड सूरजमुखी तेल के आयात में बाधा पड़ने से सोयाबीन तेल की ओर रिफाइनर्स का रुझान बढ़ गया। इसके अलावा सोयाबीन तेल का वैश्विक बाजार मूल्य भी प्रतिस्पर्धी स्तर पर रहा। अगस्त में पाम तेल का आयात भी बढ़कर गत छह माह के उच्च स्तर पर पहुंच गया।
उद्योग-व्यापार क्षेत्र के अग्रणी विश्लेषकों के अनुसार-जुलाई की तुलना में अगस्त के दौरान भारत में पाम तेल का आयात 7 प्रतिशत बढ़कर 7.80 लाख टन तथा सोयाबीन तेल का आयात 21 प्रतिशत उछलकर 6.01 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है जबकि सूरजमुखी तेल का आयात 38 प्रतिशत घटकर 1.57 लाख टन पर अटकने की संभावना है जो पिछले छह माह का सबसे निचला स्तर है।
जुलाई के मुकाबले अगस्त में खाद्य तेलों का कुल आयात 4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 15.40 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है जो पिछले 11 महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। इस आंकड़े में केवल समुद्री मार्ग से होने वाला आयात शामिल है जबकि पड़ोसी देश- नेपाल से सड़क सीमा मार्ग से होने वाला खाद्य तेलों का शुल्क मुक्त आयात इससे अलग है। नेपाल से अगस्त में 90 हजार टन सोया तेल के साथ कुल करीब 1.00 लाख टन खाद्य तेलों का आयात हुआ। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की मासिक रिपोर्ट मध्य सितम्बर में सामने आएगी।
