कुछ राज्यों / क्षेत्रों में सामान्य या अधिक वर्षा होने का अनुमान

06-Jun-2026 12:32 PM

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मौजूदा मानसून सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर सामान्य औसत के मुकाबले 90 प्रतिशत वर्षा होने का अनुमान लगाया है लेकिन कुछ राज्यों / क्षेत्रों में सामान्य या उससे अधिक बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।

इसमें पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (मुख्यतः लद्दाख तथा जम्मू कश्मीर के कुछ भाग ), पूर्वोत्तर भारत के अनेक क्षेत्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना एवं उड़ीसा जैसे राज्य शामिल हैं।

देश के अन्य अधिकांश इलाकों में मानसून की वर्षा या तो सामान्य या इससे कम होने की आशंका है। ध्यान देने वाली बात है कि तेलंगाना, उड़ीसा एवं आंध्र प्रदेश की गिनती भारत के प्रमुख धान उत्पादक राज्यों में होती है।

पूर्वोत्तर क्षेत्र में आसाम को छोड़ दिया जाए तो शेष प्रांतों में कृषि उत्पादन ज्यादा नहीं होता है। जम्मू कश्मीर भी प्रमुख कृषि उत्पादक राज्यों में शामिल नहीं है।

दूसरी ओर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार एवं बंगाल जैसे शीर्ष धान उत्पादक राज्यों को इस वर्ष वर्षा की थोड़ी-बहुत कमी का सामना करना पड़ सकता है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं मध्य प्रदेश में दलहन-तिलहन फसलों का सर्वाधिक उत्पादन होता है। वहां भी बारिश कुछ कम हो सकती है।