चावल के वैश्विक मूल्य सूचकांक में 2.7 प्रतिशत का सुधार

06-Jun-2026 01:56 PM

रोम। संयुक्त राष्ट्र संघ की अधीनस्थ एजेंसी- खाद्य एवं कृषि संगठन (फाओ) के वैश्विक चावल मूल्य सूचकांक में अप्रैल के मुकाबले मई में 2.7 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।

इस अवधि में सभी कीमतों एवं श्रेणियों के चावल का औसत मूल्य सूचकांक सुधर गया जिससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि प्रमुख आपूर्तिकर्ता देशों- भारत, थाईलैंड, वियतनाम, पाकिस्तान, अमरीका, म्यांमार एवं कम्बोडिया में चावल का दाम तेज रहा। 

वैसे मई 2025 के मुकाबले मई 2026 में चावल का औसत मूल्य सूचकांक 1.4 प्रतिशत नीचे रहा। पिछले साल विभिन्न किस्मों के चावल का वैश्विक बाजार मूल्य काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। फाओ की रिपोर्ट के अनुसार मई 2026 के दौरान खासकर इंडिका तथा ग्लूटिनस चावल के दाम में ज्यादा बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।

अप्रैल की तुलना में मई के दौरान इसके मूल्य में क्रमश: 3 प्रतिशत एवं 3.10 प्रतिशत का सुधार आया। सुगंधित चावल का दाम भी 2.2 प्रतिशत और जैपोनिका चावल का भाव 0.5 प्रतिशत बढ़ गया। एशियाई देशों में इंडिका चावल का औसत निर्यात ऑफर मूल्य मई में कुछ ऊंचा हो गया।