जून के लिए 22.50-23.00 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत होने का अनुमान
27-May-2026 04:34 PM
मुम्बई। उद्योग-व्यापार क्षेत्र के समीक्षकों ने जून 2026 के दौरान घरेलू प्रभाग में बिक्री के लिए 22.50 से 23.00 लाख टन के बीच चीनी का कोटा नियत होने का अनुमान लगाया है। मई के लिए 22.50 लाख टन का कोटा छोड़ा गया जबकि जून 2025 में 23 लाख टन का कोटा आया था।
उद्योग समीक्षकों के अनुसार यदि 22.50- 23.00 लाख टन का कोटा घोषित होता है तो वह जून में घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए पर्याप्त होगा। जून में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने से चीनी की खपत कुछ घट सकती है।
खाद्य मंत्रालय द्वारा अगले एक-दो दिन में जून के लिए चीनी के फ्री सेल कोटे की घोषणा किए जाने की संभावना है। मई 2026 के लिए घोषित 22.50 लाख टन चीनी के सम्पूर्ण कोटे की बिक्री हो जाने की संभावना है क्योंकि भीषण गर्मी के कारण इसकी औद्योगिक मांग काफी बढ़ गई जिससे कीमत भी मजबूत बनी रही।
एक विश्लेषक के अनुसार चालू माह के दौरान कई मिलों को अपने नियत कोटे से अधिक मात्रा में चीनी की बिक्री करनी पड़ी क्योंकि बल्क उपयोग वाले क्षेत्रों में इसकी भारी मांग बनी रही। इसमें आइसक्रीम एवं सॉफ्ट-ड्रिंक्स उद्योग भी शामिल है।
