मध्य प्रदेश में 131 लाख टन गेहूं खरीद की स्वीकृति देने का आग्रह

27-May-2026 04:17 PM

भोपाल। शानदार उत्पादन एवं मंडियों में हो रही जोरदार आवक को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने केन्द्र से राज्य में गेहूं की खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 131 लाख टन निर्धारित करने का आग्रह किया है। मालूम हो कि मध्य प्रदेश में यह लक्ष्य पहले ही 78 लाख टन से बढ़ाकर 100 लाख टन नियत किया जा चुका है।

अब इसमें 31 लाख टन का और इजाफा करने का अनुरोध किया गया है। यदि इस अनुरोध को स्वीकार किया जाना है तो यह मध्य प्रदेश के लिए गेहूं खरीद का अब तक का सबसे ऊंचा लक्ष्य होगा।

उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश भारत में गेहूं का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है। अप्रैल में वहां गत वर्ष के मुकाबले एक समय गेहूं की सरकारी खरीद करीब 70 प्रतिशत पीछे चल रही थी मगर मई में इसकी रफ्तार अत्यन्त तेज हो गई और देखते ही देखते गेहूं की कुल खरीद गत वर्ष की पूरी खरीद से भी आगे निकलकर नियत लक्ष्य के करीब पहुंच गई।

इसकी बदौलत राष्ट्रीय स्तर पर भी गेहूं की खरीद 345 लाख टन के नियत लक्ष्य के अत्यन्त निकट पहुंच गई और आगामी समय में इस लक्ष्य को पार कर जाने की उम्मीद है। लेकिन इस बार हल्की क्वालिटी के बदरंग एवं चमकहीन गेहूं की अधिक खरीद हुई है।