हल्दी- बढ़ेगी इस वर्ष हल्दी की बिजाई
16-May-2024 07:50 PM
नई दिल्ली । चालू सीजन के दौरान उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने के कारण इस वर्ष उत्पादक केन्द्रों पर हल्दी की बिजाई गत वर्ष की तुलना में अधिक होने के समाचार है।
उत्पादक केन्द्रों पर हल्दी की बिजाई का कार्य आगामी माह में शुरू हो जाने की संभावना है। अधिक बिजाई की संभावना के समाचारों से वर्तमान में हल्दी का हाजिर व्यापार सीमित रहा गया है।
हालांकि नई फसल दिसम्बर जनवरी माह में आएगी। व्यापारियों का कहना है कि चालू सीजन के दौरान पैदावार कम होने के कारण उत्पादक केन्द्रों पर नई फसल आने के लिए पर्याप्त स्टॉक नहीं है।
जिस कारण से आगामी दिनों में हल्दी की कीमतों में अवश्य ही तेजी आएगी। उल्लेखनीय है कि चालू सीजन के दौरान देश में हल्दी का उत्पादन 45/50 लाख बोरी का माना जा रहा है।
जबकि गत वर्ष उत्पादन 80/85 लाख बोरी का रहा था। अधिकांशतः उत्पादक केन्द्रों पर लगभग 70/75 प्रतिशत माल मंडियों में आ चुका है।
वर्तमान किसानों के पास 20/25 प्रतिशत माल ही बचा है और नई फसल आने में अभी लगभग 7/8 माह का समय है। वर्तमान में दिल्ली बाजार में हल्दी सिंगल पोलिश गट्ठा का भाव 16400/16500 रुपए चल रहा है।
