फरवरी 2025 के लिए 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित
31-Jan-2025 08:35 PM
नई दिल्ली । केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने जनवरी की भांति फरवरी 2025 के लिए भी 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित किया है जिससे पूरे माह के दौरान इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति घरेलू बाजार में सुगम रह सकती है।
मालूम हो कि जनवरी की तुलना में इस बार फरवरी का महीना तीन दिन छोटा होगा इसलिए चीनी की खपत भी कम हो सकती है जबकि मिलर्स को कोटा समाप्त करने के लिए कम टाइम मिलेगा।
वैसे भी फरवरी में हिन्दुओं का कोई बड़ा पर्व-त्यौहार नहीं है। लेकिन सरकार ने 10 लाख टन चीनी का जो निर्यात कोटा घोषित किया है उसके प्रभाव से घरेलू बाजार में कीमतों पर कम असर पड़ेगा।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार फरवरी माह के दौरान उत्तराखंड के लिए 32112 टन, उत्तर प्रदेश के लिए 6,90,255 टन, तेलंगाना के लिए 8818 टन, तमिलनाडु के लिए 36124 टन, राजस्थान के लिए शून्य टन, पंजाब के लिए 24287 टन, उड़ीसा के लिए 637 टन, महाराष्ट्र के लिए 8,21,072 टन,
मध्य प्रदेश के लिए 36,612 टन, कर्नाटक के लिए 4,04,237 टन, हरियाणा के लिए 34740 टन, गुजरात के लिए 69389 टन, छत्तीसगढ़ के लिए 15352 टन, बिहार के लिए 61682 टन तथा आंध्र प्रदेश के लिए 14683 टन चीनी का फ्री सेल कोटा आवंटित किया गया है।
तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी से चीनी की औद्योगिक मांग जनवरी की तुलना में फरवरी के दौरान कुछ बेहतर रहने की संभावना है जबकि खाद्य उद्देश्य में गुड़ की खपत कुछ घट सकती है।
चीनी का घरेलू उत्पादन गत सीजन से काफी पीछे चल रहा है। आगामी समय में चीनी का खुला बाजार सामान्य उतार-चढ़ाव के साथ एक निश्चित सीमा में स्थिर रह सकता है।
