साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

11-Apr-2026 07:43 PM

मूंगफली का भाव गुजरात-महाराष्ट्र में घटा-यूपी में सुधरा    

नई दिल्ली। मंडियों में माल की आपूर्ति एवं खरीदारों की लिवाली के अनुरूप 4-10 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली के दाम में चढ़ाव-उतार दर्ज किया गया। 
आवक 
गुजरात की राजकोट मंडी में रोजाना औसतन 8-10 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई मगर कारोबार कमजोर होने से इसका भाव 2000 रुपए लुढ़ककर 7000/9000 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
मूंगफली 
इसी तरह महाराष्ट्र के सोलापुर में दाम 800 रुपए घटकर 8000 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। दूसरी ओर मूंगफली का मूल्य राजस्थान के बीकानेर में 100 रुपए बढ़कर 7400 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। उत्तर प्रदेश के झांसी एवं महोबा में 100-100 रुपए तथा मऊरानीपुर में 400 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने का दाम बीकानेर में 100 रुपए सुधरा मगर सोलापुर में 800 रुपए तक घट गया। इसमें क्रशर्स-प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों की मांग कुछ कमजोर रही। 
मूंगफली तेल 
गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में लूज  रूप में मूंगफली तेल का दाम 25 रुपए की गिरावट के साथ 1725 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। अन्य केन्द्रों में भी इसमें नरमी देखी गई। कुल मिलाकर उठाव कमजोर रहा। 
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल में 3100 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिरता देखी गई जबकि जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड तेल में सामान्य उतार-चढ़ाव रहा। मूंगफली डीओसी में कुछ नरमी रही और कारोबार भी कम हुआ।