चीनी का उत्पादन 283 लाख टन पर सिमटने का अनुमान
17-Mar-2026 10:38 AM
मुम्बई। चीनी कारोबार की शीर्ष व्यापारिक संस्था- ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन (आईस्टा) ने पहले 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान 296 लाख टन चीनी के घरेलू उत्पादन का अनुमान लगाया था जिसे अब 4.4 प्रतिशत घटाकर 283 लाख टन नियत कर दिया है। आईस्टा का कहना है कि इस बार प्रतिकूल मौसम के कारण गन्ना की उपज में अपेक्षित बढ़ोत्तरी नहीं हो सकी।
उधर सहकारी चीनी मिलों के शीर्ष संगठन- नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (एनएफसीएसएफ) के आंकड़ों से पता चलता है कि 1 अक्टूबर 2025 से 15 मार्च 2026 के दौरान देश में चीनी का उत्पादन बढ़कर 261.75 लाख टन पर पहुंच गया पिछले सीजन की समान अवधि के उत्पादन 237.15 लाख टन से 24.60 लाख टन या 10.37 प्रतिशत अधिक है।
दिलचस्प तथ्य यह है कि केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने इस बार गन्ना की घरेलू पैदावार में जोरदार बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाया है लेकिन चीनी मिलों को हो रही सीमित आपूर्ति को देखते हुए सरकारी उत्पादन अनुमान सही नहीं लगता है।
चीनी का घरेलू उत्पादन 2024-25 सीजन के सम्पूर्ण उत्पादन के समकक्ष पहुंच है जबकि अभी 173 इकाइयों में गन्ना की क्रशिंग जारी है। आईस्टा के अनुमान से लगता है कि आगामी समय में 20-22 लाख टन चीनी का और उत्पादन हो सकता है।
