चीनी का घरेलू उत्पादन 262 लाख टन से ऊपर पहुंचा
18-Mar-2026 10:46 AM
नई दिल्ली। स्वदेशी चीनी उद्योग की शीर्ष संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) का कहना है कि चालू मार्केटिंग सीजन के शुरुआती साढ़े पांच महीनों में यानी 1 अक्टूबर 2025 से 15 मार्च 2026 के दौरान चीनी का घरेलू उत्पादन बढ़कर 262.10 लाख टन पर पहुंच गया
जो 2024-25 के इन्हीं महीनों के उत्पादन से 10.50 प्रतिशत ज्यादा है। इससे पूर्व नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज ने कहा था कि इसी अवधि में चीनी का घरेलू उत्पादन 10.37 प्रतिशत बढ़कर 261.75 लाख टन पर पहुंचा।
इस्मा के अनुसार 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के दौरान देश में कुल 261.20 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था जबकि 2025-26 का उत्पादन उससे आगे निकल चुका है और अभी अनेक चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग जारी है।
चीनी कारोबार की शीर्ष व्यापारिक संस्था- ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन ने पहले 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में 296 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया था जिसे अब 4.4 प्रतिशत या 13 लाख टन घटाकर 283 लाख टन नियत किया है।
इस्मा के अनुसार 15 मार्च 2026 तक देश में 379 चीनी मिलें बंद हो चुकी थीं और शेष 157 इकाइयों में गन्ना की क्रशिंग हो रही थी। पिछले साल 15 मार्च तक देश में 237.20 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। महाराष्ट्र में इस बार उत्पादन तेजी से बढ़ा है।
