चीनी का एमएसपी बढ़ाना आवश्यक

08-May-2026 08:50 PM

नई दिल्ली। सरकार द्वारा गन्ना के उचित एवं लाभकारी मूल्य में 10 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी किए जाने से एक बार फिर चीनी के एक्सफैक्ट्री न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) को बढ़ाने की मांग जोर पकड़ने लगी है।

उद्योग समीक्षकों के अनुसार आगामी अक्टूबर माह से आरंभ होने वाले 2026-27 के नए मार्केटिंग सीजन में गन्ना का एफआरपी बढ़कर 365 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा। इससे चीनी एवं एथनॉल के लागत खर्च में बढ़ोत्तरी होगी और इसका भार उद्योग को सहना पड़ेगा।

स्वयं कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) ने केन्द्र सरकार को गन्ना से निर्मित एथनॉल के बिक्री मूल्य की समीक्षा करने का सुझाव दिया है। उद्योग- विश्लेषकों के मुताबिक पिछले पांच छह साल से चीनी के एमएसपी में कोई बदलाव या इजाफा नहीं किया गया है जबकि गन्ना के एफआरपी में लगभग प्रत्येक वर्ष वृद्धि होती रही।

इससे चीनी का उत्पादन खर्च काफी ऊंचा हो गया लेकिन सरकार चीनी के एमएसपी को 3100 रुपए प्रति क्विंटल से आगे बढ़ाने और इसे 3900-4000 रुपए प्रति क्विंटल नियत करने की उद्योग की मांग पर ध्यान नहीं दे रही है।