ब्राजील में मक्का के उत्पादन अनुमान में इजाफा

08-May-2026 08:28 PM

साओ पाउलो। एक अग्रणी विश्लेषक फर्म ने ब्राजील में 2025-26 सीजन के लिए मक्का के उत्पादन अनुमान में इजाफा कर दिया है। उल्लेखनीय है कि लैटिन अमरीका में अवस्थित ब्राजील दुनिया में मक्का का दूसरा सबसे प्रमुख निर्यातक एवं तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है। 

विश्लेषक फर्म ने अपनी नई मासिक रिपोर्ट में वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान मक्का का उत्पादन बढ़कर 1370 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की है जो अप्रैल रिपोर्ट में लगाए गए अनुमान 1357 लाख टन से 13 लाख टन ज्यादा है। 

उल्लेखनीय है कि ब्राजील में मक्का की खेती तीन सीजन में होती है। इसके तहत प्रथम या पूर्ण सीजन की फसल कट चुकी है जबकि दूसरे या सफरीन्हा सीजन की फसल अभी खेतों में लगी हुई है। उसकी कटाई-तैयारी जून-जुलाई में  होगी। तीसरे सीजन में उत्पादन सीमित होता है। 

विश्लेषक फर्म ने प्रथम या पूर्ण सीजन के मक्का का उत्पादन अनुमान 4 प्रतिशत बढ़ाकर अब 283 लाख टन निर्धारित किया है जबकि सफरीन्हा मक्का के उत्पादन अनुमान को 1061 लाख टन पर स्थिर रखा है। ब्राजील में 70 प्रतिशत से अधिक मक्का का उत्पादन सफरीन्हा सीजन में होता है जबकि प्रथम सीजन में 22-23 प्रतिशत एवं विशेष सीजन में 2 प्रतिशत उत्पादन होता है।