Home News
09-Oct-2026 05:47 PM
बढ़े हुए भावों पर दाल मिलों की लिवाली सीमित बनी रहने से आज घरेलू बाजार में चना की कीमतों में सीमित उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। दिल्ली की लॉरेंस रोड मंडी में भावों में 25 से 50 रुपये प्रति क्विंटल की घट-बढ़ के साथ मध्य प्रदेश लाइन का चना 7,550/7,600 रुपये तथा राजस्थान लाइन का चना 7,625/7,650 रुपये प्रति क्विंटल पर कारोबार करता रहा।
हालांकि, भाव घटने पर भी बिकवाली शांत बनी हुई है। त्योहारी सीजन के चलते आगामी डेढ़ से दो महीने के दौरान चना दाल और बेसन की मांग मजबूत रहने की संभावना है। दूसरी ओर, घरेलू बाजार में अधिकांश दाल मिलों के पास चना का बकाया स्टॉक सीमित रह गया है।
उत्पादक मंडियों में भी देशी चना की आवक अपेक्षित स्तर पर नहीं बन पा रही है, जिससे बाजार में उपलब्धता को लेकर दबाव बना हुआ है। इसके अलावा, बंदरगाहों पर आयातित चना का स्टॉक सीमित है और तंजानिया से आयात फिलहाल कम मात्रा में हो रहा है।
वहीं, आयातित चना के पड़ते लगातार महंगे बने हुए हैं, जिससे आयात के जरिए घरेलू बाजार में सस्ती आपूर्ति बढ़ने की संभावना सीमित है। कुल मिलाकर, सीमित बिकवाली, कम उपलब्धता, महंगे आयात और त्योहारी मांग की संभावनाओं से चना बाजार को समर्थन मिल रहा है।