ब्राजील में अगले महीने शुरू होगा चीनी उत्पादन का नया सीजन

23-Mar-2026 01:21 PM

साओ पाउलो। दुनिया में चीनी के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील में गन्ना की क्रशिंग का नया मार्केटिंग सीजन अप्रैल में औपचारिक तौर पर आरंभ हो जाएगा जो दिसम्बर 2026 तक जारी रहेगा।

वैसे जनवरी-मार्च की तिमाही में भी एक-दो इकाइयों में गन्ना की क्रशिंग होती है लेकिन वह ज्यादा मायने नहीं रखती है।

शीर्ष उद्योग संस्था- यूनिका की एक रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल- सितम्बर 2025 के दौरान ब्राजील के मध्य दक्षिणी क्षेत्र में गन्ना की कुल क्रशिंग गिरावट 60.04 करोड़ टन पर सिमट गई जो वर्ष 2024 के इन्हीं महीनों की क्रशिंग 61.44 करोड़ टन से 2.28 प्रतिशत कम रही।

लेकिन इसके बावजूद वहां चीनी का उत्पादन 398.80 लाख टन से बढ़कर 402.20 लाख टन पर पहुंच गया क्योंकि एक तो गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर में सुधार आया और दूसरे, एथनॉल के बजाए चीनी के निर्माण में गन्ना की अधिक मात्रा का उपयोग किया गया।

2026 के सीजन में स्थिति बदलने की संभावना है क्योंकि पेट्रोलियम का दाम उछलने से मिलर्स एथनॉल का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे सकते हैं।