ईरान युद्ध के कारण बासमती चावल का निर्यात प्रभावित

23-Mar-2026 04:04 PM

नई दिल्ली। मध्य-पूर्व एशिया में अशांति का माहौल बना हुआ है। एक तरफ अमरीका और इजरायल द्वारा ईरान तथा लेबनान पर जोरदार बमबारी की जा रही है तो दूसरी ओर ईरान भी इजरायल पर तथा खाड़ी क्षेत्र के देशों में अवस्थित अमरीकी सैन्य ठिकानों पर लगातार जोरदार प्रहार कर रहा है। इससे सम्पूर्ण अरब क्षेत्र में स्थिति बिगड़ गई है।

ईरान भारतीय बासमती चावल का एक अग्रणी आयातक देश है। हाल ही में उसे भारत से तीन जहाजों में बासमती चावल भेजा गया था।

ये जहाज ईरान के सबसे व्यस्त बंदरगाहों में से एक बंदर अब्बास पोर्ट के निकट पहुंच गए हैं लेकिन उसे बंदरगाह के परिसर में जगह नहीं मिल रही है।

दरअसल युद्ध की विभीषिका के कारण यह बंदरगाह अपनी पूरी क्षमता का उपयोग नहीं कर पा रहा है। जब तक इन जहाजों को बर्थ नहीं मिल जाता तब तक स्थिति अनियमित ही रहेगी। 

भारत से करीब 60-70 प्रतिशत बासमती चावल का निर्यात पश्चिम एशिया, मध्य-पूर्व एवं खाड़ी क्षेत्र के देशों में होता है जिसमें ईरान, इराक, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कुवैत, ओमान, यमन, जोर्डन, कतर एवं बेहरीन आदि देश शामिल हैं।