भारत से मसालों का निर्यात 18 लाख टन के पार
25-Feb-2026 11:19 AM
कोच्चि। भारत दुनिया में मसालों का सबसे प्रमुख उत्पादक, उपयोगकर्ता एवं निर्यातक देश बना हुआ है। पिछले साल भारत से 4 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के 18 लाख टन से ज्यादा साबुत मसालों एवं मूल्य संवर्धित मसाला उत्पादों का शानदार निर्यात हुआ।
इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भारतीय मसालों को काफी पसंद किया जा रहा है और विभिन्न आपूर्तिकर्ता देशों की गंभीर चुनौतियों के बावजूद उसके निर्यात कारोबार में अनवरत बढ़ोत्तरी होती जा रही है।
व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि अब समय आ गया है कि भारत को साबुत मसालों के बजाए मूल्य संवर्धित मसाला उत्पादों के निर्माण एवं निर्यात को प्राथमिकता देनी चाहिए। दुनिया के अनेक देशों को भारत से बड़े पैमाने पर मसालों का निर्यात किया जाता है लेकिन अब आयातक देशों में इसकी क्वालिटी एवं इसमें बाहरी तत्वों की मिलावट (उपस्थिति) के सम्बन्ध में सख्त एवं जटिल नियम बनाए जा रहे हैं जिसके प्रति सतर्क एवं जागरूक रहने की आवश्यकता है।
मसालों के निर्यात में अपने नंबर वन की पोजीशन को बरकरार रखने के लिए भारतीय उत्पादकों, व्यापारियों, उद्यमियों एवं निर्यातकों में पारस्परिक ताल मेल होना आवश्यक है। मसाला बोर्ड इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
