उत्तर प्रदेश में दिसावरी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जोरदार अभियान शुरू

25-Feb-2026 01:36 PM

लखनऊ। होली महापर्व से पहले उत्तर प्रदेश में नकली, मिलावटी तथा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों के उत्पादन एवं कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की ओर से जोरदार छापामारी अभियान शुरू किया गया है।

इस क्रम में उत्तर प्रदेश फूड सेफ्टी एन्ड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा हजारों लीटर मिलावटी खाद्य तेलों का स्टॉक जब्त किया गया है और पनीर, मावा तथा मिठाइयों को नष्ट किया जा चुका है। समूचे राज्य में बड़े पैमाने पर छापामारी अभियान चलाया जा रहा है जिससे मिलावट खोरों में हड़कंप मचा हुआ है जबकि ईमानदारी कारोबारी राहत की सांस ले रहे हैं। 

वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इस व्यापक एवं सघन छापामारी अभियान का उद्देश्य त्यौहारी सीजन के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है क्योंकि ऐसे समय में अक्सर डेयरी उत्पादों, खाद्य तेलों एवं मिष्ठान आदि की मांग बढ़ जाती है जिसका फायदा कुछ लोग उठाने का प्रयास करते हैं। प्राप्त सूचना के मुताबिक हापुड़ में 32,500 लीटर संदिग्ध मिलावटी खाद्य तेल जब्त किया गया है। इसके सैंपल को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। 

समझा जाता है कि होली पर्व के समय चलाए जा रहे इस व्यापक छापामारी अभियान के कारण उत्तर प्रदेश के विभिन्न भागों में खाद्य तेल की लगभग 30,000 इकाइयां या तो बंद हो गई हैं या उसे सीज कर दिया गया है। कई जिलों में भारी मात्रा में नकली एवं मिलावटी पनीर एवं मावा का भी पकड़ा गया है जिसे नष्ट कर दिया गया। इन जिलों में गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, गाजियाबाद, संभल एवं बाराबंकी आदि शामिल हैं। छापामारी और तलाशी अभियान अभी जारी रहेगा।