भारत 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य की दिशा में अग्रसर

22-Jun-2026 05:28 PM

मुंबई। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा है कि वित्त वर्ष 2026-27 (अप्रैल-मार्च) के लिए भारत से वाणिज्यिक वस्तुओं के निर्यात का लक्ष्य बढाकर 1 ख़रब (ट्रिलियन) डॉलर निर्धारित किया गया है और देश इस महत्वकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने हेतु सहित दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद भारत में निर्यात का प्रदर्शन बेहतर बना हुआ है। इस लक्ष्य का 15 प्रतिशत से अधिक भाग पहले ही हासिल हो चुका है।

वाणिज्य मंत्री के अनुसार विभिन्न देशों/क्षेत्रों के साथ किए गए मुफ्त व्यापार समझौते (एफटीए) तथा व्यवसाय करने में सरलता (ईज़ ऑफ़ डूइंग बिजनेस) के कारण भारत को यह निर्यात लक्ष्य प्राप्त करने में ज्यादा कठिनाई नहीं होगी और निर्यातक अपनी ओर से निर्यात बढ़ाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

मंत्री महोदय के अनुसार भारत और अमरीका ने अपन प्रस्ताविक व्यापार समझौते के लिए फ्रेमवर्क को अंतिम रूप दे दिया है लेकिन जब तक भारत को अन्य प्रतिद्वंद्वी निर्यातक देशों की तुलना में सीमा शुल्क में ज्यादा रियायत नहीं मिल जाती तब तक यह करार प्रभावी नहीं हो सकेगा। भारत को अमरीका में अपने उत्पादों के निर्यात में सीमा शुल्क में ज्यादा छूट मिलने की उम्मीद है और इसके लिए आवश्यक कदम भी उठाए जा रहे हैं। जब अमरीका इस पर पूरी तरह सहमत होगा तभी यह समझौता वास्तविक अर्थ में लागू होगा।

सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1 ट्रिलियन डॉलर का जो निर्यात लक्ष्य निर्धारित किया है वह हासिल करने योग्य है। अगले पांच साल में वार्षिक निर्यात लक्ष्य को बढ़ाकर 2 ट्रिलियन डॉलर नियत किया जाएगा और वह भी पहुंच की सीमा से बाहर नही होगा।