अप्रैल-जून की तिमाही में म्यांमार से कृषि उत्पादों का शानदार निर्यात

11-Jul-2026 01:55 PM

यंगून। एक अग्रणी प्राइवेट व्यापारिक एवं निर्यातक संस्था- म्यांमार पल्सेस, बीन्स, मैज एन्ड सीसेम सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में यानी अप्रैल- जून 2026 के दौरान म्यांमार से दलहनों, बीन्स, मक्का एवं तिल आदि का कुल निर्यात बढ़कर 10 लाख टन से ऊपर पहुंच गया जिससे 53.80 करोड़ डॉलर से अधिक की आमदनी प्राप्त हुई। 

इस तिमाही के दौरान म्यांमार से दुनिया के 26 से ज्यादा देशों को उपरोक्त उत्पादों का निर्यात किया गया जिसमें भारत, थाईलैंड एवं चीन मुख्य रूप से शामिल हैं। भारत को तुवर एवं उड़द, थाईलैंड को मक्का तथा चीन को मूंग एवं तिल का भारी निर्यात किया जाता है। 

म्यांमार में धान के बाद दलहनों एवं बीन्स की खेती सबसे अधिक क्षेत्रफल में होती है। देश के कुल कृषि योग्य भूमि के करीब 20 प्रतिशत भाग में इसकी बिजाई की जाती है। म्यांमार चावल का भी एक महत्वपूर्ण निर्यातक देश है मगर वह इस एसोसिएशन के दायरे से बाहर है। म्यांमार से उड़द एवं तुवर का सर्वाधिक निर्यात भारत को किया जाता है जो स्वयं इसका सबसे प्रमुख उत्पादक एवं उपभोक्ता देश है। एशिया तथा यूरोप के कई अन्य देशों को भी म्यांमार से कृषि उत्पादों का निर्यात होता है।