अनेक राज्यों में यूरिया एवं डीएपी की बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि

08-Jun-2026 01:34 PM

नई दिल्ली। आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति जटिल होने की आशंका से किसानों की घबराहटपूर्ण लिवाली के कारण महाराष्ट्र कर्नाटक, पंजाब एवं हरियाणा जैसे राज्यों में यूरिया एवं डीएपी जैसे महत्वपूर्ण रासायनिक उर्वरकों की बिक्री बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। खरीफ फसलों की बिजाई का सीजन आरंभ हो गया है।

किसान अधिक से अधिक मात्रा में उर्वरकों की खरीद करके इसका भारी-भरकम स्टॉक बनाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि बाद में उसे किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े।

अमरीका तथा इजरायल के साथ ईरान का युद्ध पुनः शुरू हो गया है जिससे होर्मुज स्ट्रेट के खुलने की संभावना क्षीण पड़ गई है। हालांकि भारत सरकार बार-बार दोहरा रही है कि देश में खरीफ सीजन की जरूरत को पूरा करने के लिए उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और घरेलू उत्पादन तथा आयात बढ़ाकर उपलब्धता की स्थिति को और मजबूत किया जा रहा है लेकिन किसानों को शायद सरकारी दावे पर भरोसा नहीं है। 

दक्षिण-पश्चिम मानसून अब केरल से निकलकर कर्नाटक की ओर बढ़ रहा है और उसके बाद महाराष्ट्र एवं तेलंगाना सहित अन्य राज्यों में इसके पहुंचने की संभावना है। किसान पहले ही खेती की पूरी तैयारी कर लेना चाहते हैं।