विशाल बकाया स्टॉक से लाल मसूर के बाजार पर दबाव

08-Jun-2026 03:49 PM

वैंकुवर। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले सप्ताह लाल मसूर का भाव काफी हद तक स्थिर और कहीं-कहीं नरम देखा गया। बाजार में अब नई फसल के प्रति उत्सुकता बढ़ रही है जो कनाडा एवं अमरीका जैसे देशों में अगस्त से आने लगेगी।

पुराने माल की खरीदारी में दिलचस्पी घटने लगी है जबकि कनाडा में इसका विशाल बकाया स्टॉक अभी मौजूद है और इसकी बिक्री के लिए उत्पादों के पास दो माह का समय रह गया। 

उत्तरी अमरीका महाद्वीप के इन देशों शीर्ष उत्पादक देशों में मसूर की बिजाई देर से आरंभ हुई और इसकी गति भी धीमी बनी हुई है। इससे अगली फसल की उपज दर एवं क्वालिटी के प्रति कुछ चिंता उत्पन्न हो रही है। वैसे आरंभिक संकेतों से पता चलता है कि जिन इलाकों में बिजाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है वहां फसल की हालत अच्छी है। 

कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में मसूर की बिजाई अंतिम चरण में पहुंच गई है और वहां 95 प्रतिशत बिजाई क्षेत्र में फसल की हालत अच्छी, बहुत अच्छी अथवा उत्साहवर्धक है।

ऑस्ट्रेलिया की बेहतर स्थिति से भी लाल मसूर के बाजार पर मनोवैज्ञानिक असर पड़ रहा है। वहां सरकारी एजेंसी अबारेस ने मसूर के बिजाई क्षेत्र में 2 प्रतिशत की वृद्धि होने तथा कुल उत्पादन 3 प्रतिशत बढ़कर 22 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है।