उड़ीसा में चावल के मिलिंग चार्ज में दोगुनी बढ़ोत्तरी
08-Jun-2026 04:28 PM
भुवनेश्वर। केन्द्रीय पूल में चावल का योगदान देने वाले एक महत्वपूर्ण राज्य- उड़ीसा में राइस मिलर्स को धान की खरीद हेतु प्रोत्साहित करने तथा किसानों की सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रांतीय सरकार ने राइस मिलिंग चार्ज में दोगुनी बढ़ोत्तरी कर दी है। उड़ीसा के मुख्यमंत्री ने इस आशय के एक प्रस्ताव को पिछले सप्ताह स्वीकृति प्रदान कर दी।
राज्य सरकार ने उड़ीसा में पार बॉयल्ड (उसना) धान का मिलिंग चार्ज 20 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए प्रति क्विंटल तथा कच्चे (अरवा) चावल की मिलिंग चार्ज 10 रुपए से बढ़ाकर 20 रुपए प्रति क्विंटल नियत कर दिया है।
इसका मतलब यह है कि एक क्विंटल उसना धान की मिलिंग करने पर मिलर्स को अब 40 रुपए प्राप्त होगा। इससे उन्हें अधिक से अधिक मात्रा में धान की मिलिंग करने का प्रोत्साहन मिलेगा और किसानों का धान भी आसानी से बिक जाएगा।
राइस मिलर्स लम्बे समय से मिलिंग चार्ज बढ़ाने की मांग कर रहे थे। मिलर्स का कहना था कि श्रमिकों की मजदूरी का खर्च बढ़ गया है, ईंधन के दाम में वृद्धि हो गई है और अन्य मिलिंग इनपुट की कीमतों में इजाफा हो गया है इसलिए मिलिंग चार्ज बढ़ना चाहिए।
