अमरीका में मटर फसल की हालत में मामूली सुधार
30-Jun-2026 05:13 PM
वाशिंगटन। मौसम की स्थिति में थोड़ा सुधार आने के कारण गत सप्ताह अमरीका में मटर फसल की हालत कुछ बेहतर हो गई लेकिन अब भी इस पर कुछ खतरा बरकरार है। अमरीका के दो शीर्ष मटर उत्पादक राज्य- मोंटाना एवं उत्तरी डकोटा में करीब 45 प्रतिशत क्षेत्रफल में फसल की स्थिति अच्छी या उत्साहवर्धक आंकी गई है जो उससे पूर्ववर्ती सप्ताह के समतुल्य ही है।
लेकिन सामान्य औसत श्रेणी वाली मटर की हालत 31 प्रतिशत से बढ़कर 37 प्रतिशत क्षेत्रफल तक पहुंच गई है। इसके फलस्वरूप कमजोर या खराब हालत वाली फसल का रकबा 24 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत रह गया है।
मोंटाना प्रान्त में मटर की 51 प्रतिशत फसल अच्छी या उत्साहवर्धक स्थिति में है जबकि 23 प्रतिशत फसल सामान्य तथा 26 प्रतिशत फसल कमजोर या खराब हालत में है।
उत्तरी डकोटा प्रान्त में मटर की 65 प्रतिशत फसल सामान्य, 33 प्रतिशत उत्साहवर्द्धक और 2 प्रतिशत फसल खराब हालत में है। अन्य उत्पादक प्रांतों में फसल की हालत लगभग सामान्य है। नई फसल अगस्त में तैयार होगी।
