अमरीका में फलधारी बादाम के बागानों का रकबा घटा

29-Apr-2026 04:46 PM

सारामेंटो। अमरीका में पिछले 30 वर्षों में पहली बार बादाम के ऐसे बागानों का रकबा घट गया है जिसमें पेड़ों से उत्पादन हो रहा था। नए बागान तो लगाए जा रहे हैं मगर उसमें उत्पादन बाद में शुरू होगा। अमरीकी कृषि विभाग की नर्सरी सेल रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि नई प्लांटिंग की गति सामान्य बनी हुई है।

फिलहाल अमरीका में बादाम के उत्पादक बागानों का क्षेत्रफल 14 लाख एकड़ आंका गया है जो पिछले साल से 1 प्रतिशत कम है। इसका प्रमुख कारण इन बागानों से पुराने पेड़ों को हटाया जाना माना जा रहा है। पिछले 3-4 वर्षों से नई प्लांटिंग की रफ्तार धीमी रही। 

आरम्भिक अनुमान के अनुसार अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान 12,211 एकड़ में बादाम के पेड़ों को हटाया जाएगा। अलमंड बोर्ड ऑफ कैलिफोर्निया के अनुसार वर्ष 1995 के बाद यह पहला मौका है जब बादाम के फलदायी बागानों का रकबा घट जाएगा हालांकि गत वर्ष 47,588 एकड़ में पुराने पेड़ों का हटाया गया था मगर इससे ज्यादा क्षेत्रफल में लगे नए पेड़ों में उत्पादन शुरू हो गया था।

इस वर्ष नवम्बर में कुल बागानी क्षेत्र का आंकड़ा जारी किया जाएगा। उससे पूर्व 12 मई को उस्डा की राष्ट्रीय कृषि सांख्यिकी सेवा (नास) का आंकड़ा सामने आ जाएगा जिससे तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो सकती है।