वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में 273.53 लाख टन कृषि उत्पादन का अनुमान

16-Feb-2026 05:52 PM

सिडनी। ग्रेन इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया (गीवा) ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान राज्य में प्रमुख कृषि फसलों का उत्पादन तेजी से बढ़कर 273.53 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की है जो दिसम्बर 2025 में लगाए गए अनुमान 265.50 लाख टन से 8 लाख टन ज्यादा और पिछले पांच वर्षों में चौथा रिकॉर्ड उत्पादन है। गीवा की रिपोर्ट के अनुसार बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी होने तथा औसत उपज दर बेहतर रहने से उत्पादन में भारी इजाफा हुआ है।

ग्रीवा के अनुसार 2025-26 सीजन के दौरान पश्चिमी (वेस्टर्न) ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में 133 लाख टन गेहूं, 76.40 लाख टन जौ, 43.70 लाख टन कैनोला, 10.18 लाख टन जई 9.05 लाख टन ल्यूपिन, 1.20 लाख टन दलहन के साथ कुल 273.53 लाख टन कृषि उत्पादों का शानदार उत्पादन हुआ। फसल की कटाई समाप्त हो चुकी है। 

वर्ष 2022 के दौरान पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में कृषि फसलों का रकबा नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था जबकि 2025-26 सीजन के दौरान कुल क्षेत्रफल उससे भी 6.8 प्रतिशत ऊंचा रहा। इसके तहत रकबे में ज्यादा बढ़ोत्तरी उन इलाकों में हुई जहां वर्षा अधिक होती है। जुलाई-अगस्त के महीनों में वहां भरपूर बारिश हुई और फसल में दाना लगने तथा भरने के समय तापमान अनुकूल रहा। इससे उपज दर काफी ऊंची हो गई।  

हालांकि 2022 के रिकॉर्ड स्तर की तुलना में 2025 के दौरान वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया में गेहूं के उत्पादन क्षेत्र में 3.3 प्रतिशत तथा कैनोला के बिजाई क्षेत्र में 7.3 प्रतिशत की गिरावट आ गई लेकिन जौ का क्षेत्रफल 26.4 प्रतिशत, ल्यूपिन का 17.4 प्रतिशत और जई का रकबा 65 प्रतिशत बढ़ गया। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्रान्त के पांच पोर्ट जोन में से 3 क्षेत्र में कृषि फसलों का रिकॉर्ड तथा शेष दो संभाग में सामान्य उत्पादन हुआ।