विभिन्न राज्यों में भारी बारिश से फसलों की बिजाई में सहायता

28-Jul-2026 11:14 AM

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार सक्रिय, सघन, मजबूत एवं तीव्र होता जा रहा है जिससे देश के विभिन्न भागों में जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर निर्मित डिप्रेशन गहरा और शक्तिशाली हो गया है। इससे पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में जोरदार बारिश होने के आसार हैं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात एवं महाराष्ट्र के साथ-साथ कर्नाटक के कई भागों में भी भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। उत्तर प्रदेश में वर्षा होने के आसार हैं। 

अभावग्रस्त क्षेत्रों में हुई बारिश से किसानों को खरीफ फसलों की बिजाई की रफ्तार बढ़ाने में अच्छी सहायता मिल रही है। राष्ट्रीय स्तर पर गत वर्ष की तुलना में इस बार खरीफ फसलों के रकबे में कमी का अंतर घटकर अब 5 प्रतिशत से भी नीचे आ गया है जबकि पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल के मुकाबले अब तक 71 प्रतिशत भाग में खेती हो चुकी है। 

बेशक 24 जुलाई 2026 तक धान, दलहन, तिलहन, मोटे अनाज एवं कपास का रकबा गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में पीछे चल रहा था लेकिन क्षेत्रफल में गिरावट का अंतर इतना ज्यादा नहीं है जो गंभीर चिंता उत्पन्न करे या जिसकी भरपाई संभव न हो सके। मानसून की बढ़ती सक्रियता नई उम्मीद पैदा कर रही है। खरीफ फसलों की प्रगति भी बेहतर ढंग से हो रही है। अब अगस्त का मौसम महत्वपूर्ण होगा।