Home News

उड़द के बाद अब ब्राजील से तुवर का आयात शुरू होने की उम्मीद

29-Sep-2026 12:11 PM

उड़द के बाद अब ब्राजील से तुवर का आयात शुरू होने की उम्मीद

मुम्बई। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील से भारत में उड़द का आयात तो पहले से ही हो रहा है जबकि अब तुवर का आयात भी जल्दी ही शुरू होने की संभावना है। समझा जाता है कि अगले कुछ महीनों में ब्राजीलियन तुवर की खेप भारतीय बंदरगाहों पर पहुंच जाएगी। 

शीर्ष व्यापारिक संस्था- इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (आईपीजीए) के चेयरमैन का कहना है कि भारत में विदेशों से विशाल मात्रा में तुवर का आयात जारी रहेगा और इसके आपूर्तिकर्ता देशों की सूची में इस वर्ष ब्राजील का नाम भी जुड़ जाएगा। यदि ब्राजील की तुवर को फायटो-सैनिटरी क्लीयरेंस प्राप्त हो जाता है तो भारत में उसका आयात यथाशीघ्र आरंभ हो सकता है। इस उत्पाद को फायटो सैनिटरी क्लीयरेंस जल्दी ही मिलेगी। 

उल्लेखनीय है कि इस एसोसिएशन के जोरदार प्रयासों से ब्राजील के किसानों ने भारतीय बाजार के लिए तुवर का उत्पादन शुरू किया है। एसोसिएशन ने ब्राजील के उत्पादकों एवं निर्यातकों को आश्वस्त किया था कि यदि वे तुवर का उत्पादन करते हैं तो भारत उसकी खरीद करने के लिए तैयार है। एसोसिएशन के मुताबिक ब्राजील से तुवर का निर्यात शिपमेंट अक्टूबर-नवम्बर में आरभ होगा और दिसम्बर के अंत तक भारत पहुंच जाएगा। 

चालू वर्ष के दौरान वहां से तुवर के निर्यात की मात्रा सीमित यानी 20-30 हजार टन के बीच रह सकती है लेकिन अगले साल से वहां से भारत में अच्छी मात्रा में इसका आयात हो सकता है। ध्यान देने की बात है कि भारतीय बाजार को ही ध्यान में रखते हुए ब्राजील के किसानों ने उड़द  की खेती आरंभ की थी। अब वह म्यांमार के बाद भारत को उड़द की आपूर्ति करने वाला दूसरा सबसे प्रमुख देश बन गया है। आगामी समय में वह तुवर का भी एक अग्रणी निर्यातक देश बन सकता है।