Home News
29-Sep-2026 11:26 AM
नई दिल्ली। राज्य सरकार के विशेष आग्रह पर केन्द्र ने हरियाणा में इस वर्ष 29 सितम्बर (आज) से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से केन्द्रीय पूल के लिए धान की खरीद प्रक्रिया आरंभ करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा हरियाणा के खाद्य सचिव को भेजे एक पत्र में इसकी जानकारी दी गई है।
पत्र में कहा गया है कि हरियाणा सरकार ने पहले 15 सितम्बर और फिर 23 सितम्बर को केन्द्र के पास पत्र भेजकर आग्रह किया था कि राज्य में 2026-27 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में 1 अक्टूबर 2026 की नियत तिथि के बजाए 29 सितम्बर 2026 से धान की खरीद आरंभ करने की अनुमति प्रदान की जाए क्योंकि कई क्षेत्रों में फसल परिपक्व हो चुकी है और इसकी कटाई-तैयारी भी आरंभ हो गई है। यदि 29 सितम्बर से धान की खरीद शुरू नहीं हुई तो किसानों की कठिनाई हो सकती है।
केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय के पत्र में कहा गया है कि हरियाणा में 29 सितम्बर 2026 से धान की सरकारी खरीद आरंभ करने की अनुमति तो की जा रही है लेकिन इसके लिए राज्य सरकार को खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा जारी कुछ नियमों एवं शर्तों का पालन करना होगा।
इसके तहत अनियमित खरीद के किसी भी मामले को रोकने के लिए पूरे खरीफ सीजन के दौरान सुरक्षा उपाय एवं जांच-पड़ताल की पक्की व्यवस्था की जानी चाहिए। राज्य में जिलेवार धान की उपज दर का आंकलन एवं निर्धारण होना चाहिए ताकि उत्पादन एवं खरीद के आंकड़ों में विसंगति न रहे। खरीद प्रक्रिया में सुधार लाने के लिए किसानों के जमीन के दस्तावेजों की सत्यता परखी जानी चाहिए। हरियाणा सरकार को उपरोक्त उपायों के सटीक क्रियान्वयन की जानकारी केन्द्र को यथाशीघ्र भेजनी चाहिए।