उत्पादन घटने की संभावना के बावजूद कनाडा में मटर की अच्छी उपलब्धता
10-Jul-2026 08:30 PM
वैंकुवर। सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन के आंकड़ों से प्राप्त होता है कि विगत वर्ष की तुलना में इस बार कनाडा में मटर के बिजाई क्षेत्र में 14 प्रतिशत की गिरावट आई है और इसकी फसल को कीड़ों-रोगों के प्रकोप का गंभीर खतरा भी बना हुआ है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार बेसक अभी फसल की हालत सामान्य एवं सन्तोषजनक बनी हुई है लेकिन जुलाई के शेष दिनों से लेकर मध्य अगस्त तक का मौसम इसके उत्पादन की दशा एवं बाजार की दिशा को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कृषि विषेशज्ञों का कहना है कि यदि मटर की उपज दर औसत स्तर की रही तब भी बिजाई क्षेत्र में आई कमी के कारण इसकी पैदावार में कोई दहशत या घबराहट का माहौल नहीं है बल्कि व्यापारी एवं निर्यातक कुछ राहत महसूस कर रहे हैं।
कनाडा में अगले महीने से जब मटर का नया मार्केटिंग सीजन (अगस्त- 2026- जुलाई- 2027) आरंभ होगा तब इसका विशाल पिछला बकाया स्टॉक मौजूद रहेगा। यह स्टॉक उत्पादन में आने वाली गिरावट की भरपाई आसानी से कर देगा।
इससे कीमतों में और साथ ही साथ मटर की मांग एवं आपूर्ति में काफी हद तक संतुलन बना रह सकता है। 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा में शानदार उत्पादन होने के मटर के दाम पर भारी दबाव बना रहा।
चीन ने मार्च 2026 में कनाडाई मटर के आयात पर लगे 100 प्रतिशत के भारी-भरकम सीमा शुल्क में काफी कटौती कर दी जिससे वहां निर्यात तेजी से बढ़ने लगा अन्यथा कनाडा में मटर का बकाया स्टॉक और भी बढ़ सकता था।
