उड़ीसा में खाद्य तेलों के दाम में भारी वृद्धि
01-Apr-2026 03:33 PM
भुवनेश्वर। उड़ीसा में पाम तेल, सूरजमुखी तेल एवं सरसों तेल सहित अन्य खाद्य तेलों के दाम में 10-15 रुपए प्रति लीटर तक की भारी बढ़ोत्तरी हो गई है। विभिन्न कारणों से आयात महंगा होने के कारण कीमतों में इजाफा हुआ है।
पिछले कुछ दिनों के अंदर उड़ीसा में सरसों तेल का दाम 5 रुपए प्रति लीटर, पाम तेल का भाव 10 रुपए प्रति लीटर और सूरजमुखी तेल का मूल्य 15 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ गया है।
इंडोनेशिया में बी 50 प्रोग्राम लागू होने की संभावना अमरीका में बायो डीजल निर्माण में सोयाबीन तेल का उपयोग बढ़ने की उम्मीद, पश्चिम एशिया संकट के कारण आयात में बाधा, काला सागर क्षेत्र से सूरजमुखी तेल की निकासी में कठिनाई तथा भारतीय रुपए के भारी अवमूल्यन से आयात खर्च में हो रही वृद्धि खाद्य तेलों का घरेलू बाजार भाव ऊंचा हो गया है।
इसका असर अन्य राज्यों के साथ उड़ीसा पर भी देखा जा रहा है। एक व्यापारिक संगठन का कहना है कि अगर यही स्थिति आगे भी बरकरार रही तो खाद्य तेल के दाम में और भी इजाफा हो सकता है। खाद्य तेलों का भाव बढ़ने से आम उपभोक्ताओं को काफी कठिनाई हो रही है।
