उत्तर-प्रदेश में दलहन-तिलहन की सरकारी खरीद की प्रक्रिया शुरू

01-Apr-2026 04:49 PM

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में किसानों से केन्द्र द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अरहर (तुवर), चना एवं मसूर जैसे दलहन तथा सरसों जैसे तिलहन की खरीद की प्रक्रिया शुरू हो रही है जो 30 जून तक जारी रहेगी।

राज्य के कृषि मंत्री के अनुसार इस वर्ष उत्तर प्रदेश में एमएसपी पर 6.77 लाख टन मसूर, 5.30 लाख टन सरसों, 2.24 लाख टन चना तथा 1.14 लाख टन तुवर की खरीद का लक्ष्य नियत किया गया है जिससे किसानों को काफी राहत मिलेगी। 

उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2025-26 के सीजन हेतु चना का एमएसपी 5875 रुपए प्रति क्विंटल, सरसों का 6200 रुपए, मसूर का 7000 रुपए तथा तुवर का 8000 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया है। 

दलहन-तिलहन की खरीद दो केन्द्रीय एजेंसियों तथा चार प्रांतीय एजेंसियों द्वारा की जाएगी। इसके लिए राज्य के सभी प्रमुख उत्पादक जिलों में क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

खरीद की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की पक्की व्यवस्था की गई है ताकि एक भी किसान को अपना उत्पाद बेचने में कठिनाई न हो। किसानों से खरीदे जाने वाले दलहन-तिलहन के मूल्य का भुगतान नियत सीमा के अंदर किया जाएगा।